
वैढ़न,सिंगरौली। नगर परिषद बरगवां तथा सरई के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज होगा। चुनाव परिणाम की घोषणा कल शुक्रवार की सुबह 9 बजे के बाद किया जायेगा। इस दौरान मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। बरगवां सहित आस-पास थानों के पुलिस बल तैनात रहेंगे। गौरतलब हो कि नगर परिषद् बरगवां एवं सरई में कल मंगलवार को 15-15 पार्षद पदों के लिए मतदान हुआ था।पार्षद पद के लिए कल होने वाली मतों की गणना नगर परिषद् बरगवां में अम्बेडकर भवन एवं सरई में शासकीय महाविद्यालय के भवन में कराया जायेगा। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार सिंह ने ऐतिहातन व्यापक सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए अपने अधीनस्थ पुलिस सेवकों को निर्देशित किया है।
प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कल शुक्रवार की सुबह 9 बजे से आधे घण्टे के दौरान हो जायेगा। वार्डों का कौन होगा पार्षद, जनता का दिल किसने जीता इसका सब कुछ फैसला ईव्हीएम मशीन के खुलने के बाद हो जायेगा। यहां बताते चलें कि नवगठित नगर परिषद् बरगवां एवं सरई भाजपा नेताओं के लिए जहां प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव है। इस चुनाव से ही कई नेताओं के आगामी भविष्य तय होंगे। हालांकि इस चुनाव में जिस तरह से मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया है। ऐसे में भाजपाई आशान्वित हैं कि दोनों परिषदें में भाजपा का कब्जा होगा। वहीं कांग्रेस पार्टी व आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी व नेता अपने आपको कम नहीं आंक रहे हैं। निर्दलीय प्रत्याशी भी इनसे आगे आने का दावा कर रहे हैं। आलम यह रहा कि दोनों नवीन नगर परिषदें में निर्दलीय प्रत्याशियों का बोलबाला दिख रहा था। मतदाताओं का दिल जितने में कितना सफल रहे कल शुक्रवार की सुबह ईव्हीएम मशीन के खुलने के बाद पता चल जायेगा। लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान निर्दलीय प्रत्याशियों ने भाजपा, कांग्रेस, आप एवं बसपा पार्टी को चिंता में जरूर डाल दिया है।
हालांकि सबसे ज्यादा भाजपा व कांग्रेस पार्टी से बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। इनका प्रचार-प्रसार भी राजनैतिक दलों से कम नहीं था। ऐसे में यदि निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत होती है तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी, यदि राजनैतिक पंडितो का अनुमान सही निकला तो अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बनाने में निर्दलियों की भूमिका अहम हो सकती है।
नगर परिषद् बरगवां एवं सरई में पार्षद पद के संपन्न हुए चुनाव में भाजपा, कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इस चुनाव परिणाम से उनकी राजनैतिक दशा एवं दिशा तय होगी। मुख्य रूप से वार्ड क्र.6 सरई से भाजपा के वरिष्ठ नेता व विविप्रा पूर्व सदस्य रमापति जायसवाल, वार्ड क्र.4 से वरिष्ठ नेता अशोक तिवारी की धर्मपत्नी गोमती तिवारी, वार्ड क्र.6 से ही कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राम बालक दुबे व बरगवां से विधायक देवसर सुभाष वर्मा की भाभी वार्ड-7 से चुनाव मैदान में हैं। उनकी प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। वहीं सिंगरौली मेयर रानी अग्रवाल की बहू वार्ड क्र.8 बरगवां से भी चुनाव मैदान में है यह चुनाव काफी चर्चाओं में रहा।