मोरवा पुलिस ने लोगों को नशे से बचने के लिए किया प्रेरित

काल चिंतन कार्यालय
वैढ़न,सिंगरौली। प्रदेश सरकार के मंशा अनुसार नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को गति देते हुए मोरवा पुलिस द्वारा लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक करने के साथ सड़क पर दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट की अनिवार्यता के बारे में भी बताया जा रहा है। मंगलवार को सिंगरौली पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह के निर्देशन पर मोरवा निरीक्षक यू पी सिंह द्वारा जागरूकता अभियान के लिए उपनिरीक्षक विनय शुक्ला, सहायक उपनिरीक्षक उमेश अग्निहोत्री, प्रधान आरक्षक त्रिभुवन नारायण मिश्रा एवं आरक्षक सौरव बिसेन द्वारा हायर सेकेंडरी स्कूल पंजरे समेत आसपास के 4 स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि नशे के कई दुष्परिणाम होते हैं जिसकी चपेट में लोग कच्ची उम्र में ही आ जाते हैं। अत: सभी को जागरूक रहकर नशे से दूर रहते हुए देश के निर्माण में अपना सहयोग देना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में हो रही दुर्घटनाओं का हवाला देते हुए छात्रों को वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने एवं दूसरों को भी उपयोग करने की सलाह देने के बारे में बताया गया।
मोरवा पुलिस ने नशे पर सख्त रुख अपनाते हुए स्कूल कॉलेज के 100 मीटर की परीधि में दुकानों में गुटखा, सिगरेट जैसे नशे की सामग्री बेचने पर 4 के विरुद्ध कोपा एक्ट के तहत कार्यवाही भी की है। मोरवा निरीक्षक के अनुसार पुलिस की यह कार्रवाई अनवरत जारी रहेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में हो रहे अन्य अवैध नशे के कारोबारियों पर भी पुलिस अब नकेल कसने का मन बना चुकी है।