हर कार्यकर्ता संगठन के लिये समाधान बन कर कार्य करे- रणवीर सिंह रावत
कार्यकर्ता बैठक मे बोले प्रदेश महामंत्री

सिंगरौली
भारतीय जनता पार्टी की वृहद कार्यकर्ता बैठक आज जिला कार्यालय के सभागार मे सम्पन्न हुई। बैठक मे आज मुख्य अतिथि के रूप मे भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं रीवा संभाग के प्रभारीश रणवीर सिंह रावत जी उपस्थित रहे तथा विशिष्ट अतिथि के रूप मे प्रदेश उपाध्यक्ष एवं भोपाल संभाग प्रभारी कांतदेव सिंह, लोकसभा सांसद रीती पाठक, जिला संगठन प्रभारी श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी उपस्थित रहीं तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता जी ने की।
जिला सह मीडिया प्रभारी ने बताया कि सर्व प्रथम अपने स्वागत उद्बोधन मे जिलाध्यक्ष जी ने आये हुये अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया तथा कहा कि हम सभी आगामी २०२३ तथा २४ को ध्यान मे रख कर तीनो विधानसभाओं और लोकसभा के चुनावों मे विजयश्री के लिये कार्य करेंगे और भाजपा का परचम लहरायेंगे। हम सब समस्त पूर्व जिलाध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों, तथा समस्त वरिष्ठों के मार्गदर्शन मे दुगनी ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे तथा संगठन के सिद्धांतों को जमीन पर साकार करेंगे।
अपने उद्बोधन मे मुख्य अतिथि रावत जी ने सर्व प्रथम नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जी को नये दायित्व की शुभकामनाएं दी तथा निवर्तमान अध्यक्ष जी को उनके उत्कृष्ट कार्यकाल के लिये साधुवाद दिया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये प्रदेश महामंत्री जी ने कहा कि हम विचारों के पोषक हैं हम सब विचार भाव से कार्य करते हैं। जनसंघ के समय से आज इस मुकाम तक हम विकट परिस्थितियों को साधते हुये पहुंचे हैं। हम सबको भाजपा की कार्यपद्धति को सदा अपने मन मे बैठा कर ही कार्य करना है। हर कार्यकर्ता को संगठन के मार्ग मे आने वाली समस्याओं के लिये समाधान बनकर डटे रहना है। आगामी २०२३ तथा २०२४ हमारे सामने है, अपने मन मस्तिष्क को हमे आगामी चुनौतियों पर केंद्रित करना है। हर मोर्चा अपनी श्रेणी मे उत्कृष्ट कार्य करे, हमारी सरकारों की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचायें, सभी पदाधिकारी सतत प्रवास जारी रखें , कार्यकर्ताओं से सतत संवाद जारी रखें, विधानसभा स्तर से लेकर शक्ति केंद्रों तक कार्यक्रम करते रहें तभी कार्यकर्ताओं मे उर्जा का संचार होगा तथा हम आगामी चुनौतियों को साध पायेंगे।
अपने उद्बोधन मे प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह जी ने कहा कि आगामी समय मे हमारे समक्ष दोहरी चुनौती है जिसको हमे अपने उत्कृष्ट कार्यशैली से साधते हुये आगे बढ़ना है। बीते समय मे हमारे संगठन ने जो ग्रामीण निकाय जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देने का कार्य किया है वो वास्तव मे ऐतिहासिक है। आगामी समय मे हम नगरी निकाय जनप्रतिनिधियों को भी प्रशिक्षित करने का कार्य करेंगे तथा विधानसभा वार कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित करेंगे। हम सब सिंगरौली के संगठन की गौरवशाली परंपरा को बरकरार रखेंगे। हम सब को गठित शक्ति केंद्रों को ओर अधिक शक्तिशाली बनाने की आवश्यकता है। हमारे शक्ति केंद्र मजबूत होंगे तभी हम अपने संगठन के कार्यों को धरातल पर साकार कर पायेंगे।
लोकसभा क्षेत्र की सांसद रीती पाठक जी ने कहा कि आज की बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन के कार्यों को दिशा देना है तथा आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों के मद्देनजर हमारा कार्यकर्ता सजक रहे ये सुनिश्चित करना है। पद की प्राप्ति ही संपूर्णता नहीं है , सच्चे मनोभाव समर्पण की भावनसे समाज कल्याण का कार्य करें यही हमारा उद्देश्य है।
जिला संगठन प्रभारी श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि आगामी २०२२ तथा २३ का समर हमारे समक्ष है जिसके लिये हमे अब तैयार रहना है । हमारे भाजपा की रीढ़ की हड्डी हमारा कार्यकर्ता ही होता है इस लिए हर कार्यकर्ता को अपने कर्तव्य बोध का ज्ञान होना चाहिए। शक्ति केंद्रों को मजबूत करने के लिये बूथों को मजबूत होना आवश्यक है। प्रभारियों के सतत प्रवास और धरातल पर कार्य करने से ही बूथों को शक्तिशाली बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम मे मुख्य रूप से तीनो विधायक राम लल्लू वैश्य, अमरसिंह, सुभाष वर्मा, पूर्व विधायक राजेंद्र मेश्राम, पूर्व जिलाध्यक्ष गिरीश द्विवेदी, वीरेंद्र गोयल, रामनिवास शाह, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार, निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, बरगवां नगर परिषद अध्यक्ष प्रमिला साकेत, जिला उपाध्यक्ष सुंदर लाल शाह, प्रवीण तिवारी, चंद्रिका वैश्य, सरोज शाह, प्यारेलाल चतुर्वेदी, जिला महामंत्री राजकुमार दुबे, दिलीप शाह, लालपती साकेत, जिला मीडिया प्रभारी योगेन्द्र श्रीवास्तव, जिला मंत्री ध्रुव सिंह, प्रवेन्दर धर द्विवेदी, पूनम गुप्ता, विनोद चौबे, कलावती यादव, बविता जैन, कार्यलय मंत्री कृष्ण कुमार कुशवाहा, समस्त मोर्चों के अध्यक्ष एवं महामंत्री, समस्त मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा बड़ी संख्या मे वरिष्ठ एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।