अधेड़ दंपत्ति की धारदार हथियार से मारकर हत्या, मामले की जांच में जुटी पुलिस

सिंगरौली। चितरंगी थाना क्षेत्र के दुरदुरा गांव में जंगल की वनभूमि पर मकान बनाकर रह रहे रामप्यारे व फुलझरिया बैगा की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी। घटना शनिवार-रविवार रात की बतायी जाती है। घर के अंदर से अधेड़ दंपत्ति का शव बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक दूरदुरा गांव निवासी रामप्यारे बैगा (58) व पत्नी फूलझरिया बैगा (56) अपने घर में सो रहे थे। उसी दौरान अज्ञात लोगों ने धारधार हथियार से हमला कर दिया। रामप्यारे व फूलझरिया की हत्या करने के बाद अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गए। दंपती की निर्मम हत्या की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस के आलाधिकारी भी पहुंचे। वह हत्या के जुड़े हर पहलुओं की बारीकी से जांच कर रहें हैं। बताया जा रहा है कि मृतक के पास न तो जमीन थी और न ही किसी तरह की संपत्ति, वह जंगल की भूमि पर कच्चा मकान बनाकर पूरे परिवार के साथ रहता था।
पुलिस के मुताबिक मृतक रामप्यारे बैगा के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ वहीं पर रहता है। कुछ दिन पहले वह पूरे परिवार सहित ससुराल चला गया था। दूसरा बेटा दिल्ली में रहता है। वह वहां मजदूरी करके जीवनयापन करता है। उसका तीसरा बेटा भी कहीं गया हुआ था। लिहाजा घटना के दिन पति-पत्नी दोनों अकेले ही घर में थे, तभी रात के समय अज्ञात लोगों ने उनकी हत्या कर दी।