मध्य प्रदेश

बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बनाया जाए मंत्री, कांग्रेस नेता ने क्यों शिवराज से की ऐसी मांग

भोपाल

 

बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और कुबेरेश्वर धाम के पंडित प्रदीप मिश्रा को कैबिनेट मंत्री बना दिया जाए। यह मांग कांग्रेस के एक नेता ने मध्य प्रदेश प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से की है। पूर्व प्रदेश सचिव राकेश सिंह यादव ने शिवराज को सलाह देते हुए कहा कि जो काम वह 18 सालों में नहीं कर पाए उसे ये दोनों महारथी मिनटों में कर देंगे। दरअसल, कांग्रेस नेता ने इनके चमत्कार के दावों को लेकर ऐसा कटाक्ष किया है। हालांकि, खुद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ भी हाल ही में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लेने पहुंचे थे।

कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ‘कुबरेश्वर धाम और बालाजी धाम के पंडित प्रदीप मिश्रा और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को कैबिनेट मंत्री बनाया जाए। सीएम तत्काल पंडित प्रदीप मिश्रा कुबेरेश्वर धाम और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बाघेश्वर घाम को केबिनेट मंत्री बनाकर जनता को समस्याओं और युवाओं को बेरोजगारी से मुक्त कराएं। सरकार की कैबिनेट ने जो काम 18 वर्ष में नहीं किया। वह मिनटों में दोनों महारथी करते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 18 साल से अपनी कैबिनेट के साथ मध्य प्रदेश की सेवा कर रहे हैं। 18-18 घंटे काम करते हैं, 40-40 मंत्री हैं। फिर भी लोगों की समस्या हल नहीं हो रही है। अब दो महारथी का आगमन हुआ है एक हैं प्रदीप मिश्रा और दूसरे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री। ऐतिहासिक पुरुष हैं, ये सारी समस्याओं का समाधान चुटकियों में कर देते हैं। तो मैंने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि इन दोनों को कैबिनेट मंत्री संविधान के विशेष प्रावधान के तहत छह महीने बनाया जाए। छह महीने बाद चुनाव है। एक को समस्या निवारण मंत्रालय दिया जाए और दूसरे को धार्मिक समस्या निवारण मंत्रालय दिया जाए।’

उन्होंने कहा, ‘प्रदीप मिश्रा तो रुद्राक्ष के माध्यम से समस्या का निवारण कर रहे हैं। 46 लाख रुद्राक्ष बांट रहे हैं। मेरा सरकार से निवेदन है कि इन्हें साढ़े सात करोड़ रुद्राक्ष दिए जाएं और राशन की दुकानों के माध्य से इन्हें गरीबों में बंटवाया जाएं। गरीब सुखी हो जाएंगे, कर्जा चुक जाएगा, नौकरी मिल जाएगी, बच्चे पढ़ने में तेज हो जाएंगे, नफरत समाप्त हो जाएगी, सारी समस्याएं खत्म होगी। धीरेंद्र शास्त्री पर्चा लिखकर भूत-भविष्य और वर्तमान सब बता देते हैं। प्रदेश के 35 लाख बेरोजगारों को बुलाया जाए और इनसे पर्चा लिखवाकर इनका भविष्य बनाया जाए। मध्य प्रदेश से बेरोजगारी खत्म की जाए।’

source

यह समाचार पढिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Live TV