कार्यकर्ताओं की लगन एवं समर्पण की बदौलत ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है
कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुये बोले -क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल

वैढ़न,सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन मंत्री ( मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ ) श्री अजय जामवाल जी का एक दिवसीय प्रवास सिंगरौली जिले मे सम्पन्न हुआ। सांगठनिक दृष्टिकोण से संगठन मंत्री का यह प्रवास बहुत ही महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन मंत्री भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय के सभागार मे सम्पन्न हुई पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक मे बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप मे संभागीय प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री रणबीर सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष शीर्ष कांतदेव सिंह, सांसद श्रीमती रीती पाठक, जिला संगठन प्रभारी श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता ने की।
जिला सह मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार ने बताया कि कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा भारत माता तथा पितृ पुरुष श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं दीनदयाल उपाध्याय जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि से हुई। कार्यक्रम मे स्वागत उद्बोधन जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता ने दिया। जिला ने समस्त अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया तथा संगठन की संख्यात्मक प्रणाली से संगठन मंत्री जी को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जिले मे संगठनात्मक दृष्टि से सोलह मंडल हैं जिसमे 126 शक्ति केंद्र तथा 985 मतदान केंद्र हैं। सभी शक्ति केंद्रों की समितियों का गठन पूर्ण है तथा मतदान केंद्रों की समितियों का सत्यापन पूर्णता की ओर है। समस्त सांगठनिक गतिविधियों का संचालन जिला स्तर से लेकर मतदान केंद्रों तक सतत रूप से चल रहा है। जिला संगठन प्रभारी श्रीमती प्रज्ञा त्रिपाठी जी ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का परिचयात्मक विवरण संगठन मंत्री जी को दिया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन मंत्री ने कहा कि प्रभार ग्रहण करने के साथ ही मेरा जिलावार परिचयात्मक प्रवास चल रहा है जिसका उद्देश्य जमीनी कार्यकर्ताओं से परिचय तथा भौगोलिक स्थितियों को जानना है। संगठन मंत्री जी ने स्वयं का परिचय देते हुये बताया कि वो हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के मूल निवासी हैं तथा क्षात्र जीवन से ही संघ परिवार के विभिन्न अंगों मे रह कर कार्य कर रहे हैं । संगठन मंत्री जी संगठन के विभिन्न दायित्वों का जम्मू कश्मीर, लद्दाख, तथा पूर्वोत्तर क्षेत्रों मे निर्वहन कर चुके हैं तथा वर्तमान मे उनका कार्य मध्य क्षेत्र है। जामवाल जी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप मे से कोई भी कार्यकर्ता मुझसे सीधे संवाद कर सकता है ,अपने मन की बात कर सकते हैं। मै आपके साथ आप के परिवार के सदस्य की भांति रह कर कार्य करूंगा। आप सभी कार्यकर्ताओं की लगन, समर्पण तथा परिश्रम के कारण ही भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बन सकी है। आज देश मे हमारी सरकार है, सबसे ज्यादा प्रदेशों मे हमारी सरकारें हैं। देश मे सबसे ज्यादा सांसद विधायक हमारी पार्टी के हैं। हमारे संगठन की सबसे मूल इकाई बूथ समिति है। हमारी बूथ समितियों का सक्रिय होना नितांत आवश्यक है। बूथ सक्रिय होंगे तो शक्ति केंद्र तथा मंडल स्वत: सक्रिय रहेंगे। समस्त बूथों ऐवं शक्ति केंद्रों पर संगठन के निर्धारित 22 बिंदुओं के आधार पर कार्य करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के अंत मे जिलाध्यक्ष जी ने स्मृति चिन्ह भेंट कर संगठन मंत्री जी का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री दिलीप शाह ने किया तथा आभार प्रकट जिला महामंत्री राज कुमार दुबे ने किया। कार्यक्रम मे मुख्य रूप से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राम निवास शाह, राजेंद्र मेश्राम, प्रेमवती खैरवार, जिला उपाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, प्रवीण तिवारी, राजेश तिवारी, चंद्रिका वैश्य, प्यारेलाल चतुर्वेदी, जिला महामंत्री लालपति साकेत, जिला मीडिया प्रभारी योगेन्द्र श्रीवास्तव, जिला मंत्री पूनम गुप्ता ध्रुव सिंह, प्रवेन्द्र धर द्विवेदी, अरविंद तिवारी, विनोद चौबे, कोषाध्यक्ष हरिदास गुप्ता, कार्यालय मंत्री कृष्ण कुमार कुशवाहा, वरिष्ठ नेता राजेंद्र द्विवेदी, नरेश शाह, कालिका गुप्ता, समस्त मंडलों के अध्यक्ष, समस्त मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री समस्त प्रकोष्ठों के संयोजक एवं मंडलों के प्रभारी उपस्थित रहे।