कांग्रेस पार्टी स्वयं को न्यायपालिका से भी बड़ा समझती है – राम सुमिरन गुप्ता

सिंगरौली.
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के न्यायालय मे दोषी सिद्ध होने के पश्चात पूरी की पूरी कांग्रेस पार्टी बौखलाई हुई है। कांग्रेस के तमाम बड़े और छोटे नेता न्यायालय के फैसले के बाद अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। कांग्रेसी कभी न्यायालय तो कभी सरकार पर दोष मढ़ने का कार्य कर रहे हैं जो कि कांग्रेसियों की बुद्धिहीनता को प्रदर्शित करता है। ऐसा कहना है भाजपा जिलाध्यक्ष राम सुमिरन गुप्ता का।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने मीडिया से बात करते हुये कहा कि जबसे राहुल गांधी दोषी सिद्ध हुये हैं तब से ये कांग्रेसी न्यायिक व्यवस्था पर उंगली उठा रहे हैं तथा राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने को असंवैधानिक बताने पर तुले हुये हैं। कभी मीडिया मे अनाप-शनाप बयान जाहिर करते हैं, कभी गैर कानूनी तरीके से धरना प्रदर्शन कर आम यातायात को बाधित करते हैं तो कभी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हैं। जो कांग्रेसी राहुल गांधी की सदस्यता जाने को गैर संवैधानिक बताने का प्रयास कर रहे हैं एवं तरह तरह के अनुचित धरने प्रदर्शन कर कानून व्यवस्था को खराब कर रहे हैं वो उनके मानसिक विकृति को दिखाता है। जो कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल आज संविधान की दुहाई दे रहे हैं उन्हें संविधान का क्या जरा सा भी ज्ञान है? जनप्रतिनिधि कानून अधिनियम के सेक्शन 8 के सब-सेक्शन 3 के अनुसार यदि कोई भी विधायक अथवा सांसद 2 वर्ष तक के लिये न्यायालय से दोषी सिद्ध हो जाता है तो उसकी सदन से सदस्यता स्वयं ही समाप्त मानी जाती है। राहुल गांधी को न्यायपालिका ने दो वर्ष की सजा सुनाई है इसलिए उनकी सदस्यता स्वयं समाप्त हो जाती है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि क्या देश की संवैधानिक संस्थाएं कांग्रेस के अनुरूप कार्य करेंगी? राहुल गांधी ने जाति विशेष पर टिप्पणी की थी जिससे समस्त ओबीसी समाज आहत हुआ है और उसी अपराध के लिये उन्हें न्यायालय ने दोषी ठहराया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस आज अपने कृत्यों के कारण सत्ता से बाहर है और देश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी को मौका दिया है। आज हमारे पास दुनिया का सबसे लोकप्रिय प्रधानमंत्री है जिनके नेतृत्व मे भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है । आज कांग्रेस के पास हमारे प्रधानमंत्री और भाजपा को घेरने का कोई मुद्दा ही नहीं है इसलिए ये कांग्रेसी इस तरह की ओछी हरकतें कर के सस्ती लोकप्रियता पाना चाहते हैं। प्रदेश एवं देश की जनता आने वाले समय मे इनको जवाब देगी और आने वाले चुनावों मे इनका सूपड़ा साफ होगा।