पारा हुआ चालिस के पार, गर्मी से लोगों का जीना मुहाल

वैढ़न,सिंगरौली। सिंगरौली जिले में तीन-चार दिन से गर्मी तेजी से बढ़ी है। आज यानी शुक्रवार दोपहर तक तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। तपिश बढ़ने से दिन में लोग तौलिया ढंककर बाहर निकल रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी के तेवर और तीखे होने की आहट मिल रही है। लगातार बढ़ रहे तापमान से दोपहर में बाहर निकलने से लोग परहेज कर रहे हैं।
जिले में रात का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री एवं दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में लू चलेगी। अप्रेल के दूसरे सप्ताह से गर्मी बढ़ने से लोगों के कंठ सूखने लगे हैं, लेकिन शहर में अभी तक प्याऊ की व्यवस्था नहीं की गई है।
मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में गर्मी और बेहाल करेगी। अगले दो तीन दिन में अधिकतम तापमान में उछाल आएगा, इससे लोगों को अप्रैल में झुलसा देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा। दोपहर में भीषण गर्मी के बीच लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ा है। गर्मी बढ़ने के साथ प्याऊ की जरूरत महसूस होने लगी है।
जिले में गर्मी मई-जून तक पूरे चरम पर रहेगी। गर्मी ने अभी तक पिछले बार की तरह प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। भले ही लोग आवागमन करते सड़कों पर दिखाई दे रहा हैं, लेकिन उनके सिर व चेहरे गमछा से ढकें हैं। अब महसूस होने लगा कि इस वर्ष गर्मी का ताप लोगों को रुलाएगा। गर्मी के चलते अब प्यास से कंठ सूखने लगा है। शहर के मुख्य मार्ग पर पानी की व्यवस्था नहीं होने से राहगीर परेशान हो रहे हैं।