जंगल में पेड़ पर लटकता मिला ननद भाभी का शव, जांच में जुटी पुलिस

वैढ़न,सिंगरौली। सरई थाना क्षेत्र के पठारीदह गांव के जंगल में एक साथ दो महिलाओं का शव पेड़ पर लगे फंदे पर झूलता हुआ मिला है। जंगल में भ्रमण कर रहे चौकीदार ने महुआ के पेड़ पर शव लटकता हुआ देखा तो सूचना सरई पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना करने के बाद शव को फंदे से नीचे उतारकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक कौशिल्या सिंह पति झल्लू सिंह गोंड़ उम्र 28 वर्ष व कौशिल्या सिंह पिता हरीलाल सिंह गोंड़ उम्र 18 वर्ष दोनों महिलाओं का शव महुआ के पेड़ पर फंदे से लटकता हुआ मिला है। बताया गया है कि दोनों महिलाएं एक ही घर की रिश्ते की ननद और भाभी हैं जो बीते शुक्रवार को घर से लापता हुई थी।
कौशिल्या सिंह पिता हरिलाल सिंह गोंड़ की शादी अभी हाल ही में 28 मार्च को हुई थी। एक साथ घर से लापता हुई महिलाओं का शव फंदे पर मिला है। परिजन सहित आसपास के लोगों से पुलिस कई बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है। हालांकि अभी इस मामले में पुलिस को कोई ठोस तथ्य हाथ नहीं लगे हैं। घटना का कारण अभी पता नहीं चला है।