शहीदों के सम्मान में निकली तिरंगा यात्रा, समाज को दिया एकता का संदेश

वैढ़न,सिंगरौली। शनिवार दोपहर स्वतंत्र समाज सेवा समिति के तत्वाधान में जिला मुख्यालय स्थित अटल बिहारी सामुदायिक भवन से तिरंगा यात्रा निकाली गयी। सैकड़ो की संख्या में दो पहिया, चार पहिया तथा टै्रक्टर वाहनों पर तिरंगा लहराकर समाज में एकता, अखण्डता का संदेश दिया गया। देश की स्वतंत्रता में प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के सम्मान में यात्र 25 किलोमीटर की दूरी तय कर वापस माजन मोड़ स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देकर समाप्त हो गयी।
तिरंगा यात्रा में जिले के सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों सहित सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में आम लोग शामिल रहे। डीजे पर बजते देशभक्ति गीतों तथा वाहनों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा ने समूचे जिला मुख्यालय को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में इको फ्रेंडली तिरंगा झंडा का प्रयोग किया गया। तिरंगा यात्रा के पश्चात यात्रा में शामिल सभी लोगों ने ध्वज सभी अपने घर ले गये और अपने घरों में उसे लगाया। कोविड आपदा से पहले समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम आयोजित होता रहा है। इस बार कार्यक्रम में बदलाव कर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। समिति कार्यालय में यात्रा के समन्वयक अशोक शाह, आशीष शुक्ला व आशीष शाहवाल सहित अन्य सदस्य उपिस्थत रहे।