सनशाईन व काइट्स राइस विद्यालय में जागरूकता हेतु आयोजित किया गया अभिमन्यु अभियान

वैढ़न,सिंगरौली। विशेष जागरूकता अभियान ”अभिमन्यु” के तहत पुलिस अधीक्षक मो. यूसुफ कुरैशी के निर्देशन में लगातार जन जागरूकता अभियान के आयोजन किये जा रहे है। अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के पुरुषों/बालको को महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक व महिला/बालिकाओं के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित करना है।
इसी क्रम में विशेष जागरूकता अभियान अभिमन्यु द्वितीय चरण अंतर्गत श्रीमती अर्चना द्विवेदी महिला थाना प्रभारी सिंगरौली, महिला सुरक्षा शाखा से आशीष सिंह बागरी द्वारा सनशाइन स्कूल बैढ़न, काइट्स राइस स्कूल बैढ़न में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर उपस्थित छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया एवं अभिमन्यु अभियान के उद्देश्यों को विस्तार पूर्वक बताया गया। उपस्थित छात्र-छात्राओं को विस्तार पूर्वक बताया कि किस प्रकार से वर्तमान समय में फैल रहे नशे के चक्रव्यूह को तोड़ना है एवं नशे के प्रभाव से लोगों को बचाना है। दहेज प्रथा के विषय में सबको जागरूक रहने की आवश्यकता है, ना दहेज लेना है और ना ही दहेज देना है। पुराने समय से व्याप्त रूढ़िवादिता को समाप्त कर नई दिशा में आगे बढ़ना है। अश्लीलता को कैसे रोकता है एवं अश्लीलता करने से क्या-क्या नुकसान हो सकते हैं।असंवेदनशीलता, भ्रूण हत्या, लिंग भेद इन सब के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया। साथ ही बच्चों में समानता के भाव से संबंधित बातों को बताया गया। हम सभी को प्रेरित होकर किस प्रकार अभिमन्यु की तरह बनना है और समाज में फैली बुराइयों को एकजुट होकर दूर करना है। जब हम सब एकजुट होकर सामाजिक बुराइयों से लड़ेंगे, तब धीरे-धीरे अवश्य समय में बदलाव आएगा और एक नया समाज संगठित होगा, बताया गया।
अभिमन्यु अभियान का शुभंकर एक 16 से 25 वर्षीय एक शिक्षित एवं संस्कारवान युवक है जो सामाजिक बुराइयों में चक्रव्यूह जैसे अशिक्षा, नशा, अश्लीलता, दहेज, भ्रूण हत्या, असंवेदनशीलता, रूढ़िवादिता एवं पूर्वाग्रह को तोड़कर लैंगिक समानता के आधार पर समाज में महिलाओं को सह अस्तित्व प्रदान करता है। उपस्थित छात्र छात्राओं को शपथ दिलाई गई। हम शपथ लेते हैं कि हम कहीं भी, कभी भी लैंगिक भेदभाव नहीं करेंगे। हम पारिवारिक, सामाजिक एवं व्यवसाय दायित्वों के निर्वहन में महिलाओं के साथ बराबरी का योगदान देंगे। हम समाज में ऐसा वातावरण निर्मित करेंगे जिससे नारी को उनकी योग्यता के अनुरूप उन्नति के समान अवसर उपलब्ध हो सके। इसकी शुरुआत हम आज अभी अपने घर से करते हैं।शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न स्थानों में जाकर अभिमन्यु अभियान से संबंधित स्टीकर चस्पा किए जा रहे हैं। स्टीकरों में अलग-अलग उद्देश्यों को वर्णित किया गया है। अभियान में अलग-अलग स्थानों में जनसमूह को एकत्रित कर संबोधित कर व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया गया है। इसके अतिरिक्त लगभग 100 प्रश्नावली को हल कराई गई हैं। वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। नाट्य कला का आयोजन कराया गया।
मारुति वैन से लगातार हो रहा प्रचार प्रसार: मारुति वैन में एलईडी टीवी के माध्यम से लघु फिल्मों को शहरी एवं ग्रामीण अलग-अलग स्थानों पर चलाकर दिखाया गया एवं व्यापक तरीके से प्रचार प्रसार किया गया। उपस्थित पुरुष वर्ग में अभिमन्यु शुभंकर को लेकर विशेष जागरूकता देखने को मिली। वह सभी अभिमन्यु से प्रेरित होकर अभिमन्यु की तरह कुछ करने का विश्वास दिलाएं एवं बताए कि वह भी जाकर अपने पास पड़ोस के लोगों एवं घर के सदस्यों को अभिमन्यु अभियान के संबंध में बताएंगे तथा लोगों को अभिमन्यु की तरह बनने के लिए प्रेरित करेंगे।