साधु का वेश धारण कर सीधी में छिपा था 17 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी, मोरवा पुलिस ने किया गिरफ्तार

काल चिंतन कार्यालय
वैढ़न,सिंगरौली। वर्ष 2007 के एक प्रकरण में फरार आरोपी को अंतत: मोरवा पुलिस ने सीधी जिले के खड्डी से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। बताया जाता है कि आरोपी साधु का वेश धर अपनी पहचान छुपा रहा था। जिस कारण पुलिस उस तक पहुँच नहीं पा रही थी।
गौरतलब है कि आगामी चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली यूसुफ कुरैशी के निर्देशन पर गिरफ्तार गारंटी को धर पकड़ के लिए लगी मोरवा पुलिस ने उक्त आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी अनुसार वर्ष 2007 में आरोपी विष्णु बहादुर सिंह पिता सूबेदार सिंह उम्र 40 वर्ष पर अपराध क्रमांक 375/07 धारा 304 (ए) के तहत मामला पंजीबद्ध हुआ था आरोपी लंबे समय से पेशी से फरार चल रहा था। न्यायालय ने इसका स्थाई वारंट जारी किया था, वही उस पर 2000 का इनाम भी घोषित किया गया था। मोरवा निरीक्षक अशोक सिंह परिहार ने मुखबिर की सूचना के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी कृष्ण कुमार पांडे के मार्गदर्शन में टीम गठित कर साधु के वेश में छुपे बैठे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।उक्त कार्यवाही में सहायक उपनिरीक्षक उमेश अग्निहोत्री, प्रधान आरक्षक अर्जुन सिंह, आरक्षक सौरभ सिंह एवं राहुल साहू की सराहनीय भूमिका रही।