जयंत इलाके में पहुंची शिव भक्तों की टोली, प्रसाद व कैलेण्डर का किया वितरण

वैढ़न,सिंगरौली। भगवान भोलेनाथ के पवित्र माह सावन में शिवभक्तों द्वारा निकाली गयी आदिदेव शिव की शोभायात्रा ग्रामीण इलाकों से होते हुये मुख्यालय के जयंत इलाके में पहुंच गयी है। रविवार को शिवभक्तों की टोली जयंत, गोलाई बस्ती, इंदिरा मार्केट, निगाही मोड़, बनौली सहित आस-पास के इलाकों में पहुंची जहां भगवान शिव का कैलेण्डर तथा प्रसाद का वितरण किया गया।
शोभायात्रा के संचालक शिवभक्त अरूण सिंह चन्देल ने बताया कि जिलेवासियों की सुख, समृद्धि की कामना के साथ भगवान शिव की शोभायात्रा सावन महीने के सोमवार से प्रारंभ की गयी थी जो अनवरत जारी है। गांव-गांव तथा जिले के शहरी इलाकों में शोभायात्रा लगातार भ्रमण कर रही है। उन्होने बताया कि भगवान शिव के शोभायात्रा को आम जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है। भगवान शिव की शोभायात्रा देखकर लोग अविभूत हैं। इस दौरान शिव भक्तों की टोली भगवान भोलेनाथ का प्रसाद तथा कैलेण्डर वितरित कर रही है। उन्होने बताया कि शोभायात्रा का समापन नौगढ़ में विशाल भण्डारे के साथ संपन्न हो जायेगा।