२ सितम्ब को सिंगरौली पहुंचेंगे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, ३ को कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

वैढ़न,सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद वी डी शर्मा के एक दिवसीय प्रवास के कार्यक्रम की आधिकारिक रूप रेखा तय हो चुकी है।भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल जी द्वारा प्रदेशाध्यक्ष जी के तय कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रदेशाध्यक्ष जी 2 तारीख को अपराह्न सिंगरौली जिले की सीमा मे प्रवेश करेंगे जहां जिले की सीमा पर जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल जी के नेतृत्व मे जिले के समस्त विधायक, जन प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उनकी अगवानी करेंगे। प्रदेशाध्यक्ष जी के साथ प्रदेश महामंत्री एवं संभागीय संगठन प्रभारी रणवीर सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, सांसद श्रीमती रीती पाठक तथा जिला संगठन प्रभारी विनोद यादव जी भी रहेंगे।
जिला सह मीडिया प्रभारी नीरज सिंह परिहार ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष जी कर्थुआ होते हुये चितरंगी पहुंचेंगे जहां प्रदेशाध्यक्ष जी रात्रि भोज के लिये भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह जी के खटाई स्थित राजनिवास पर पहुंच रात्रि भोज मे सम्मिलित होंगें। प्रदेशाध्यक्ष जी अगले दिन 3 तारीख को प्रात: 8 बजे विधायक चितरंगी अमर सिंह जी के निवास पर कार्यकर्ताओं की बैठक करेंगे। बैठक के उपरांत प्रदेशाध्यक्ष जी चितरंगी से कसर होते हुये बरगवां के लिये प्रस्थान करेंगे जहां जगह जगह पर स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत अभिनन्दन किया जायेगा।
बरगवां मे प्रदेशाध्यक्ष जी देवसर विधायक सुभाष वर्मा के कार्यालय परिसर मे स्थानीय कार्यकर्ताओं से मिलेंगे तथा उनकी बैठक को संबोधित करेंगे। बैठकोपरांत प्रदेशाध्यक्ष जी बरगवां से बैढ़न के लिये प्रस्थान करेंगे जहां परसौना तिराहे पर स्थानीय कार्यकर्ताओंद्वारा उनका भव्य स्वागत किया जायेगा तत्पश्चात प्रदेशाध्यक्ष जी प्रात: 10.30 बजे बैढ़न स्थित सत्या होटल मे भाजपा पार्षद दल की बैठक को संबोधित करेंगे। पार्षद दल की बैठक के उपरांत प्रदेशाध्यक्ष जी का11.30 बजे भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर आगमन होगा जहां समस्त जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेशाध्यक्ष जी का भव्य स्वागत किया जायेगा तथा प्रदेशाध्यक्ष जी एक वृहद कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करने के बाद प्रदेशाध्यक्ष जी अपराह्न 12.30 पर विंध्यनगर स्थित होटल नीलम पैलेस मे वृहद प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। पत्रकार वार्ता के उपरांत प्रदेशाध्यक्ष जी का विंध्यनगर स्थित सूर्या भवन आगमन होगा जहां अपराह्न 2 बजे प्रदेशाध्यक्ष जी नवगठित नगर पंचायत बरगवां एवं सरई से सम्बंधित महत्त्वपूर्ण बैठक को संबोधित करेंगे तथा जिले के समस्त जनप्रतिनिधि, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। स्थानीय कार्यक्रमों के सम्पन्न होने के पश्चात प्रदेशाध्यक्ष जी सायं सड़क मार्ग से रीवा के लिये प्रस्थान करेंगे।