सुखविंदर सिंह सुक्खू बने हिमाचल के नए मुख्यमंत्री
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने दिलाई शपथ

शिमला. हिमाचल प्रदेश के शिमला में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चौथी बार विधायक बने सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. उन्हें राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने सीएम पद की शपथ दिलाई है, जबकि मुकेश अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री बने हैं.
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. मुख्यमंत्री पद की दावेदारी करने वाली प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कुछ अन्य नेताओं की पुरजोर लामबंदी के बीच शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना गया.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को बधाई दी है. राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया, ‘मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री को बधाइयां. मैं उनके सफल कार्यकाल की कामना करता हूं.’
Source