नगर निगम में व्याप्त अनियमित्ताओं के विरोध में सीपीआई का जंगी प्रदर्शन 22 जून को

वैढ़न,सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली में व्याप्त अनियमित्ताओं एवं अधिकारी कर्मचारियों के बीच कार्य विभाजन में नियमों की कि गई अनदेखी तथा चहेतों को मलाईदार शाखाओं के दिये गये प्रभार के विरोध में भारतीय कम्युनिष्ठ पार्टी के जिला शाखा सिंगरौली द्वारा विशाल जंगी प्रदर्शन 22 जून को होगा। इस आशय की जानकारी सीपीआई के राज्य परिषद सदस्य कामरेड संजय नामदेव ने दी। श्री नामदेव के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पार्टी द्वारा उक्त विषंगतियों को दूर कराये जाने का लिखित रूप से आग्रह आयुक्त नगर पालिक निगम सिंगरौली एवं महापौर तथा अध्यक्ष नगर पालिक निगम सिंगरौली से किया गया था। जिसकी प्रतिलिपि नगरीय प्रशासन मंत्री म.प्र.शासन आयुक्त रीवा संभाग रीवा तथा जिला कलेक्टर सिंगरौली को भी सम्पे्रषित की गई थी। पार्टी द्वारा अपने लेटर पैड में लिखे गये पत्र में उल्लेख किया था कि 15 दिवस के अन्दर नियम विरूद्ध दिये गये प्रभार वापस लेते हुए नगर पालिक निगम के वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिकारियों को प्रभार सौंपे जायें तथा की गई कार्यवाही से संगठन को अवगत कराया जाये। निर्धारित समय में कार्यवाही न होने की स्थिति में पार्टी द्वारा दोबारा पत्र लिखकर मांगों की ओर आयुक्त नगर निगम का ध्यान आकृष्ट कराया गया। लेकिन आयुक्त द्वारा कार्यवाही तो दूर पार्टी द्वारा सम्प्रेषित पत्रों का जवाब तक दिया जाना उचित नहीं समझा गया। जिससे विवश होकर पार्टी को आन्दोलन प्रदर्शन हेतु बाध्य होना पड़ा। इसके लिए पार्टी द्वारा 22 जून का समय पूर्व से निर्धारित किया जा चुका है। इस जंगी प्रदर्शन में पार्टी के पदाधिकारी गण एवं कार्यकर्ता भारी संख्या में शामिल होंगे।
भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी के राज्य परिषद सदस्य संजय नामदेव के अनुसार नगर पालिक निगम सिंगरौली में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर को कार्यपालन यंत्री सिविल के साथ-साथ अधीक्षण यंत्री का भी दायित्व सौंपा गया है। जबकि कार्यपालन यंत्री सिविल का दायित्व सिविल इंजीनियर को सौंपे जाने का प्रावधान है। इसी तरह स्टोर का प्रभार एक सब इंजीनियर को सौंपा गया है। उक्त सब इंजीनियर के पास स्टोर के अलावा वाहन नल,जल एवं शहर के महत्वपूर्ण वार्डो के विकास कार्यो की भी जिम्मेदारी है। इतना ही नहीं इलेक्ट्रिकल विभाग के एसडीओपी सिविल विभाग के एसडीओ का दायित्व सौंपा गया है। जबकि नगर पालिक निगम सिंगरौली में सिविल के कई वरिष्ठ इंजीनियर पहले से ही पदस्थ हैं और तो और उपायुक्त की पदस्थापना के बाद भी स्टोर का प्रभार सब इंजीनियर को सौंपा जाना लोगों के गले से नहीं उतर रहा है। इन्हीं घटनाक्रमों को लेकर आगामी 22 जून को भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी का जंगी प्रदर्शन है।
कामरेड संजय नामदेव के अनुसार नगरीय निकायों में खास तौर से नगर पालिक निगम में अधीक्षण यंत्री का प्रभार ऐसे सिविल इंजीनियर को जिसके पास डिग्री हो तथा कम से कम 5 साल का अनुभव हो, सौंपा जाना चाहिए। इसी प्रकार स्टोर का प्रभार नगर पालिक निगम में पदस्थ उपायुक्त को सौंपे जाने का प्रावधान राज्य शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों में किया गया है। लेकिन नगर पालिक निगम सिंगरौली में अपने चहेतों को उपकृत करने की कड़ी में कार्यपालन यंत्री सिविल का प्रभार इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (डिप्लोमा होल्डर) को सौंपा गया है तथा उपायुक्त की पदस्थापना के बाद भी स्टोर का प्रभार एक सब इंजीनियर को जो न्याय संगत नहीं माना जा सकता और इसी बात के विरोध में भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी सिंगरौली की जिला इकाई जंगी प्रदर्शन करने के मूड़ मे है।